सरकार अब सिखाएगी कैसे पालें मुर्गा-मुर्गी और भेड़-बकरी, शुरू होगा नया कोर्स
भोपाल
एमपी अजब है-सबसे गजब है. ये सुना ही होगा और नहीं सुना तो ये खबर देखकर आप यही कहेंगे. कमलनाथ सरकार द्वारा युवाओं को बैंडबाजा सिखाने के प्लान का विरोध करने वाली बीजेपी अब प्रदेश के कॉलेजों में पशुपालन के गुर सिखाने नया कोर्स शुरू करने जा रही है.
जल्द ही प्रदेश के कॉलेजो में कुत्ता, मुर्गा-मुर्गी, भेड़-बकरी पालने की ट्रेनिंग के लिए कोर्स शुरू किए जाएंगे. गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश का अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय संस्थान नीम, हकीम, झोला झाप डॉक्टरों को ट्रेनिंग दे चुका है. इस वजह से विश्वविद्यालय काफी सुर्खियों में भी रहा. मध्य प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉक्टर मोहन यादव का प्लान है कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पशुपालन के भी गुर सिखाए जाएं. उच्च शिक्षा मंत्री युवाओं को पशुपालन के गुर सिखाने वाले नए कोर्स के लिए सीएम से चाय पर चर्चा भी कर चुके हैं. युवाओं को पशुपालन की ट्रेनिंग को उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव नवाचार बता रहे हैं.
शिवराज सरकार के पशुपालन कोर्स कराने को लेकर कांग्रेस अब निशाना साध रही है. पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा की शिक्षित युवाओं को पशुओं(मवेशियों)को पालने की ट्रेनिंग देकर युवाओं को सरकार अंधकार में ले जाना चाहती है. आईटी के जमाने में मवेशियों को पालने का कोर्स कराने की तैयारी कर रही है. पशुपालन ट्रेनिंग से अच्छा तो कमलनाथ का म्यूजिक बैंड सिखाने का प्लान था.
पीसी शर्मा ने कहा कि सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने की जगह पीछे धकेल रही है. ये सरकार रोजगार देने में असफल रही है.शिक्षित युवाओं को रोजगार की पशुपालन की ट्रेनिंग देने का काम नही होना चाहिए. कांग्रेस इसका विरोध करेगी,युवाओ के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे. बता दें, कमलनाथ के बैंड-बाजा कोर्स का प्रदेश में मखौल उड़ाया गया था.

पाठको की राय